जर्मनी के अटैकिंग मिडफील्डर फ्लोरियन विर्ट्ज ने बेहद कम समय में काफी नाम कमाया है। यूपो कप 2024 में विर्ट्ज जर्मनी की तरफ से गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। इसके साथ ही मैच का आगाज होते ही महज 7 सेकंड के अंदर गोल दागने का रिकॉर्ड भी विर्ट्ज के नाम दर्ज है।
3 मई, 2003 को जर्मनी के पुलहाइम में जन्मे फ्लोरियन विर्ट्ज ने महज 7 साल की उम्र में फुटबॉल का दामन थामा। विर्ट्ज ने अपने करियर की शुरुआत एफसी कोलन की युवा टीम के साथ की। इस क्लब के साथ विर्ट्ज ने फुटबॉल की बारीकियां सीखीं और अपनी स्किल्स पर दिन-रात जमकर मेहनत की।
करीब एक दशक तक क्लब के साथ रहने के बाद वह 2020 में बायर लेवरकुसेन क्लब में शामिल हुए। अंडर-17 में विर्ट्ज का प्रदर्शन जबरदस्त रहा, जिसके बाद 2020 में उन्हें बुंडसलीगा लीग में लेवरकुसेन की तरफ से सीनियर लेवल पर डेब्यू करने का मौका मिला। बस इसके बाद विर्ट्ज ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह लेवरकुसेन की तरफ से शुरुआती लाइनअप में शामिल होने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। उन्होंने 17 साल और 15 दिन की उम्र में डेब्यू किया।