प्रीति पवार, प्रिया, अरुंधति चौधरी और सचिन को एशियन बॉक्सिंग एलीट चैंपियनशिप 2026 में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के कोर ग्रुप में शामिल कर लिया गया है। वहीं, तीन अन्य को डेवलपमेंट ग्रुप में जोड़ा गया है। यह फैसला बुधवार को हुई 172वीं मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की बैठक में लिया गया।
प्रीति (54 किलोग्राम), प्रिया (60 किलोग्राम) और अरुंधति (70 किलोग्राम) ने इस महीने की शुरुआत में मंगोलिया के उलानबटार में हुई कॉन्टिनेंटल मीट में गोल्ड मेडल जीते थे, जबकि सचिन (60 किलोग्राम) ने सिल्वर मेडल हासिल किया। टॉप्स फ्रेमवर्क के तहत एथलीट्स के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने वाली मिशन ओलंपिक सेल ने हाल के नतीजों, वर्ल्ड रैंकिंग और प्रदर्शन में हुई प्रगति की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया।
प्रीति इस साल के आखिर में ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और जापान में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा लेंगी। उनके साथ जैस्मीन (57 किलोग्राम), प्रिया (डब्ल्यू 60 किलोग्राम), अरुंधति (डब्ल्यू 70 किलोग्राम) और सचिन (एम 60 किलोग्राम) भी शामिल होंगे। प्रीति, प्रिया और सचिन दोनों ही इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। इन एथलीट्स ने बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) की चयन नीति के अनुसार कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 और एशियन गेम्स 2026 के लिए सीधे क्वालीफाई किया है।