रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) के सीजन 2 में मंगलवार को दिल्ली रेड्ज ने चेन्नई बुल्स को 22-10 से हराकर महिला खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 25 लाख रुपए और उप-विजेता टीम को 15 लाख रुपए प्राइज मनी के तौर पर मिले। इस पहली महिला प्रतियोगिता में 10 देशों की 24 अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ियों सहित कुल 48 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
गचीबोवली स्थित गंती मोहना चंद्र बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में दिल्ली रेड्ज ने गेंद पर कब्जा जमाकर और बाएं विंग से लवेना कावुरु के जरिए स्कोरिंग की शुरुआत करते हुए मजबूत आगाज किया। चेन्नई बुल्स को रेड्ज के आक्रामक डिफेंस को भेदने में संघर्ष करना पड़ा, लेकिन दूसरे क्वार्टर में मुस्कान पिप्लोडा ने आखिरकार स्कोर किया।
हालांकि, ईडन किलगोर ने तुरंत जवाब देते हुए दिल्ली की बढ़त को फिर से कायम किया। बुल्स का तीसरे क्वार्टर के ज्यादातर समय गेंद पर कब्जा रहा, लेकिन वे अपने दबाव को प्वाइंट्स में नहीं बदल सके। आखिरी दौर में दिल्ली ने फिर से नियंत्रण हासिल किया; सिलिका कालो ने दाएं विंग पर स्कोर किया और उसके बाद इसाडोरा लोप्स ने एक और 'ट्राई' किया। हालांकि, शीला चजीरा ने बुल्स के लिए स्कोर किया, लेकिन रेड्ज ने आसानी से जीत हासिल कर ली।