सुमित कुमार रॉय रग्बी प्रीमियर लीग (आरपीएल) सीजन 2 की नीलामी में सबसे महंगे भारतीय रहे, जिन पर 'हैदराबाद हीरोज' ने 3.75 लाख रुपए का दांव खेला है। भारतीय रग्बी स्टार का मानना है कि नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी का दर्जा मिलना कोई बोझ नहीं, बल्कि इस खेल के प्रति बरसों के समर्पण का नतीजा है।
दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी-आधारित रग्बी सेवंस प्रतियोगिता, रग्बी प्रीमियर लीग का दूसरा सीजन 16 जून से शुरू होने जा रहा है। पिछले साल इस लीग को छह शहरों की टीमों के साथ शुरू किया गया था, लेकिन इस बार चार टीमों वाला महिला संस्करण भी शामिल किया गया है।
हैदराबाद हीरोज ने पहले सीजन में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था। लीग चरण में कोई भी मैच न गंवाने के बाद इस टीम ने नॉकआउट चरण में एकमात्र हार का सामना किया। सीजन 2 से पहले, हैदराबाद ने स्पेनिश स्टार मैनुअल मोरेनो और केन्याई खिलाड़ी केविन वेकेसा को रिटेन किया और पिछले साल की मुख्य टीम के कई सदस्यों को सफलतापूर्वक वापस बुलाया, जिनमें भारत के बेहतरीन खिलाड़ी सुमित भी शामिल हैं।