अमेरिका की इमिग्रेशन नीतियों को लेकर बढ़ते विवाद के बीच डच फुटबॉल दिग्गज रुड गुलिट ने बुधवार को एक ओपन लेटर जारी करते हुए फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो से इस्तीफा देने की मांग की है। यह पत्र फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से एक दिन पहले आया है।
हाल के दिनों में टूर्नामेंट के लिए यात्रा करने वाली टीमों और अधिकारियों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। ईरान की राष्ट्रीय टीम को अपना ट्रेनिंग कैंप मेक्सिको ले जाना पड़ा और कई सपोर्ट स्टाफ को वीजा नहीं मिला। रिपोर्ट्स के अनुसार, सोमालिया के रेफरी ओमर आर्टन को अमेरिका में प्रवेश करने से रोक दिया गया। इराकी स्ट्राइकर आयमेन हुसैन को शिकागो एयरपोर्ट पर सात घंटे तक रोके रखा गया और टीम फोटोग्राफर तल्हा सलाह को देश में प्रवेश करने से मना कर दिया गया।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, सेनेगल और उज्बेकिस्तान की टीमें जब अमेरिका पहुंची, तो उनकी गहन तलाशी ली गई। साथ ही, इस बात को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है कि क्या अमेरिका के यात्रा प्रतिबंधों से प्रभावित देशों के फैन और पत्रकार टूर्नामेंट में शामिल हो पाएंगे या नहीं?