नेशनल बॉक्सिंग ट्रायल्स के सेमीफाइनल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन निखत जरीन को हराने वाली साक्षी चौधरी ने ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स और इस साल के आखिर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में जगह बना ली है।
साक्षी ने शुक्रवार को एनआईएस पटियाला में खेले गए फाइनल मुकाबले में 48 किलोग्राम वर्ग में मौजूदा वर्ल्ड और एशियन चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा को हराया। मीनाक्षी 51 किलोग्राम वर्ग में आ गई थीं। वहीं, अस्ताना में 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में 54 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने वाली साक्षी ट्रायल्स के लिए 51 किलोग्राम वर्ग में उतरी थीं।
फाइनल में हारने वाले बॉक्सर का चयन 15 से 20 जून तक चीन के गुइयांग में होने वाले वर्ल्ड बॉक्सिंग कप के लिए किया जाएगा, जबकि विजेता बॉक्सर को हर चार साल में होने वाले इन दोनों बड़े इवेंट्स के लिए कोटा मिलेगा। इससे पहले सेमीफाइनल में साक्षी ने दो बार की वर्ल्ड चैंपियन, कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट और एशियन गेम्स की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट निखत जरीन को शानदार प्रदर्शन के दम पर हराकर चौंका दिया था। वहीं, मीनाक्षी ने पूर्व वर्ल्ड चैंपियन नीतू घंघास को मात दी।