रेसलिंग से मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में आए संग्राम सिंह एशियन चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। उन्होंने रविवार को पाकिस्तानी फाइटर मोहम्मद आबिद अली को सिर्फ 1 मिनट 20 सेकंड में मात देकर इतिहास रचा। यह किसी पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उनकी दूसरी और एमएमए में कुल चौथी जीत थी।
संग्राम सिंह ने इस खेल में अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा। इससे पहले, संग्राम सिंह ने पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हकीम त्राबेसी और फ्रांस के फ्लोरियन कॉडियर को हराया था। संग्राम सिंह ने अपनी जीत 1.4 अरब भारतीयों को समर्पित करते हुए कहा कि हर एक फाइट में उनका एकमात्र मकसद भारत के तिरंगे का मान बढ़ाना है।
संग्राम सिंह के कोच भूपेश कुमार ने बताया कि मोहम्मद आबिद अली के पास पंचिंग की बेहतरीन तकनीक थी। उन्होंने आक्रामक तरीके से पंच लगाए, जबकि संग्राम उनसे बचते रहे। आबिद का कद लंबा होने के कारण उनकी 'रीच' बेहतर थी और उनका एक पंच संग्राम की आंख के पास लगा। संग्राम ने संयम बनाए रखा और जल्दबाजी में कोई दांव नहीं खेला।