सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले अपने जवानों को सम्मानित किया है। एसएसबी के खिलाड़ियों ने वर्ष 2025 के (अक्टूबर से दिसंबर) के दौरान आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बल का नाम रोशन किया है।
सशस्त्र सीमा बल, मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में महानिदेशक संजय सिंघल ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।
महानिदेशक ने खिलाड़ियों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए महानिदेशक डिस्क, प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही, खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों को भी महानिदेशक डिस्क प्रदान कर सम्मानित किया गया।