सात्विकसाईंराज रंकीरेड्डी मौजूदा समय में भारतीय और विश्व बैडमिंटन का एक लोकप्रिय और प्रतिष्ठित नाम हैं। रंकीरेड्डी ने चिराग शेट्टी के साथ मिलकर न सिर्फ भारतीय बैडमिंटन की पहचान दुनियाभर में सशक्त की है, बल्कि एक ऐसी जोड़ी बनाई है जिसने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का मान बढ़ाया है।
सात्विकसाईंराज रंकीरेड्डी का जन्म 13 अगस्त 2000 को अमलापुरम, आंध्र प्रदेश में हुआ था। उन्होंने अपने पिता और बड़े भाई को देखकर बैडमिंटन खेलना शुरू किया। उनके पिता राज्य स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी थे। रंकीरेड्डी ने 2014 में हैदराबाद स्थित गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी ज्वाइन की और डबल्स में करियर बनाने का फैसला किया।
रंकीरेड्डी ने अपने जोड़ीदार चिराग शेट्टी के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। इसकी शुरुआत 2015 में हुई थी, जब दोनों ने एक साथ खेलना शुरू किया। उस समय चिराग भी गोपीचंद बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे थे।