छठी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2026 में सोमवार को आठ मैच खेले गए। इनमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) ने डिफेंस अकाउंट्स स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 10-0 से बड़ी जीत हासिल की।
हैदराबाद में जारी प्रतियोगिता के 'पूल बी' में, सीआरपीएफ के लिए मोहम्मद वसीउल्लाह खान, अभिषेक और गुरमेहाकदीप सिंह की तिकड़ी ने दो-दो गोल किए, जबकि लवप्रीत जैनथ, हरीश पाल, लवजीत सिंह और दीपक ने शेष गोल दागे।
'पूल बी' के एक अन्य मैच में, भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 5-4 से जीत हासिल की। कैग के लिए कप्तान प्रमोद और मंजीत ने दो-दो गोल किए, जबकि त्रिशूल गणपति ने भी गोल किया। वहीं, साई के लिए सुनील ने दो गोल किए। उनके अलावा, सुनीत लकड़ा और जोजो सुनील ने भी एक-एक गोल किया।