छठी हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष इंटर-डिपार्टमेंट नेशनल चैंपियनशिप 2026 का समापन सोमवार को हुआ। रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) ने ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एआईपीएससीबी) को फाइनल में 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, तीसरे स्थान के लिए हुए प्ले-ऑफ मैच में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) को एक गोल के अंतर से शिकस्त देकर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल में आरएसपीबी शानदार फॉर्म में नजर आई, जिसने ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के खिलाफ 4-1 से जीत दर्ज की। अमनदीप लाकड़ा ने दो गोल (41', 42') किए, जबकि दीप अतुल (20') और रोहित (36') ने भी गोल करके रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की शानदार जीत पक्की की। शुभम (36') ने ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के लिए एकमात्र गोल किया। इस टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
इससे पहले दिन में, पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (पीएसपीबी) ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) को 1-0 से शिकस्त देकर तीसरा स्थान हासिल किया। पीएसपीबी के लिए अफ्फान यूसुफ (53') ने मैच जिताऊ गोल दागा।