16वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 के 'डिवीजन ए' फाइनल में हॉकी हरियाणा ने बुधवार को पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराया और खिताब अपने नाम किया। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 3-1 से हराया। फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से मात दी।
14वें मिनट में मोहम्मद जैद खान ने फील्ड गोल करके मध्य प्रदेश को बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर में 21वें मिनट में नवराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके हरियाणा के लिए बराबरी कर दी। 50वें मिनट तक मुकाबला बराबरी पर रहा, जिसके बाद जोगिंदर सिंह ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर से विजयी गोल किया। हरियाणा सेमीफाइनल में पंजाब के साथ 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद शूटआउट में 4-2 से जीतकर फाइनल में पहुंचा था। वहीं, मध्य प्रदेश ने अपने सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को 5-3 से हराया था।
तीसरे स्थान के मुकाबले में हॉकी पंजाब को उत्तर प्रदेश हॉकी के हाथों 1-3 से हार का सामना करना पड़ा।