बिहार के राजगीर में खेले गए सीनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप 2026 के 13वें संस्करण में हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष वर्ग का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में महाराष्ट्र को 17-12 से हराकर हरियाणा की टीम चैंपियन बनी।
राजगीर के स्टेट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन हरियाणा ने अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताबी मैच को अपने नाम किया। खास बात यह रही कि हरियाणा ने पिछले साल रनर-अप रहने के बाद इस बार शानदार वापसी करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।
मैच की शुरुआत में हरियाणा के नीरज खत्री ने टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद महाराष्ट्र के सुनील चव्हाण ने ट्राई लगाकर स्कोर बराबर करने की कोशिश की। हालांकि, हरियाणा के मोहित खत्री ने फिर से टीम को आगे कर दिया। मैच के अहम मोड़ पर अजय देसवाल ने महत्वपूर्ण ट्राई किया और दीपक कुमार पुनिया ने कन्वर्जन सफल बनाकर बढ़त को और मजबूत कर दिया।