प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर शुरू 'सेवा पखवाड़ा' के तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार को दिल्ली, हरियाणा और मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात तक भाजपा शासित राज्यों में 'नमो युवा रन' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, भाजपा सांसद मनोज तिवारी, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव अलका गुर्जर और दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सागर त्यागी ने हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राज भूषण और सांसद मनोज तिवारी ने 'नमो युवा दौड़' को हरी झंडी दिखाई।
मुंबई में रविवार सुबह आयोजित 'नमो युवा रन' में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अभिनेता मिलिंद सोमन, भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और कई अन्य नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 'नमो युवा दौड़' को हरी झंडी दिखाई।