BWF World Championships: वर्ल्ड चैंपियनशिप में गुरुवार को हार के साथ पीवी सिंधु का 'विमेंस सिंगल्स' में सफर समाप्त हो गया। इसी के साथ सिंधु चैंपियनशिप में रिकॉर्ड छठा मेडल जीतने से चूक गईं। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक 'राउंड-ऑफ-16' मुकाबले में चीन की वांग झी यी ने उन्हें 21-11, 15-21, 21-17 से मात दी।
इस हार के साथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु का शानदार सिलसिला भी टूट गया। इससे पहले, वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिंधु ने चीनी खिलाड़ियों को आठ बार हराया था, लेकिन वांग इस मंच पर उन्हें हराने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।
पहले गेम में दोनों खिलाड़ी आसान गलतियों से बचने की कोशिश कर रही थीं और एक-दूसरे को लंबे और धैर्यपूर्ण एक्सचेंज के लिए मजबूर कर रहे थे। वांग को सिंधु को फ्रंट कोर्ट पर दौड़ाने में सफलता मिली, जबकि भारतीय खिलाड़ी ने बार-बार अपनी प्रतिद्वंद्वी को अटैक करने का स्पष्ट मौका नहीं दिया।