दिल्ली गोल्फ क्लब के तीन गोल्फर दीपक यादव, चैतन्य पांडे और रणवीर मित्रू 78वीं सिंगापुर ओपन एमेच्योर चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह चैंपियनशिप 14 से 17 जुलाई तक सिंगापुर आइलैंड कंट्री क्लब के बुकिट कोर्स में खेली जाएगी।
इन तीनों खिलाड़ियों को इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू) ने राष्ट्रीय जूनियर और एमेच्योर गोल्फ सर्किट पर उनके शानदार प्रदर्शन और निरंतरता के आधार पर इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के लिए चुना है।
दीपक यादव भारत के प्रमुख एमेच्योर गोल्फरों में से एक के तौर पर इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं। मार्च 2026 में जारी इंडियन गोल्फ यूनियन की जेंटलमैन मेरिट लिस्ट में वे पहले स्थान पर थे। दिल्ली गोल्फ क्लब के खिलाड़ी दीपक ने लगातार अच्छे प्रदर्शन और वर्ल्ड एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग इवेंट्स में जीत हासिल करते हुए अपनी एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने हीरो इंडियन ओपन 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट्स में पेशेवर गोल्फरों के साथ खेलकर बहुमूल्य अनुभव भी हासिल किया है। फिलहाल उनके नाम -10 अंडर का डीजीसी कोर्स रिकॉर्ड दर्ज है।