केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गुरुवार को दुनिया की पहली फ्रैंचाइजी-आधारित रोड साइक्लिंग लीग के लोगो का अनावरण किया। इस पहल को देश में साइक्लिंग के लिए एक बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताते हुए केंद्रीय खेल मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह देश में साइक्लिंग के लिए एक अहम पल है।
उन्होंने कहा, "यह अनावरण भारतीय खेलों के लिए एक अहम पल है। दुनिया की पहली फ्रैंचाइज बेस्ड रोड साइकिलिंग लीग शुरू करके, हम सिर्फ रेस का ही आयोजन नहीं कर रहे हैं, बल्कि एक ऐसा प्रोफेशनल इकोसिस्टम बना रहे हैं जो टैलेंट को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही यह अनावरण दुनिया भर का ध्यान खींचने के साथ-साथ एक फिट और वाइब्रेंट भारत के हमारे विजन से मैच करेगा।"
मंत्री ने आगे कहा कि यह पहल देश में हाल के प्रोफेशनल साइकिलिंग इवेंट्स से बने मोमेंटम पर बनी है और युवा भारतीयों को यह खेल अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा, "चाहे वह पुणे ग्रैंड टूर हो, अहमदाबाद में लीग हो, या संडे ऑन साइकिल हो जो हर हफ्ते देश में अलग-अलग जगहों पर आयोजित की जाती है, मेरा मानना है कि आने वाले दिनों में यह सब भारत में साइकिलिंग को एक खेल के तौर पर स्थापित करेगा।"