मिस्र की युवा खिलाड़ी अमीना ओर्फी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीआईबी पाम हिल्स पीएसए वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के खिताब को अपने नाम किया। वहीं, विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मुस्तफा असल भी अपने खिताब का बचाव करने में सफल रहे।
गोल्फ सेंट्रल पाम हिल्स में घरेलू दर्शकों के सामने मुकाबला करते हुए ओर्फी ने हाल के महिला स्क्वैश इतिहास के सबसे यादगार प्रदर्शनों में से एक किया, जबकि असल ने पुरुषों का अपना खिताब सफलतापूर्वक बचाने के लिए शानदार खेल दिखाया। सबकी नजरें ओर्फी पर टिकी रहीं, जिन्होंने आठ बार की वर्ल्ड चैंपियन नूर एलशेरबिनी को पांच गेम के जबरदस्त मुकाबले में हराकर अब तक की सबसे कम उम्र की महिला वर्ल्ड चैंपियन बन गईं। 18 साल की इस खिलाड़ी ने 106 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले में 6-11, 11-6, 11-9, 7-11, 14-12 से जीत हासिल की और आखिरी गेम में दो चैंपियनशिप पॉइंट बचाए।
इस जीत से मिस्र की इस युवा खिलाड़ी का नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया है, जो एलशेरबिनी को पीछे छोड़कर महिलाओं का वर्ल्ड टाइटल जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं। ओरफी की इस कामयाबी ने एलशेरबिनी को नौवीं वर्ल्ड चैंपियनशिप का ताज जीतने से भी रोक दिया। यह फाइनल मॉडर्न पॉइंट-ए-रैली स्कोरिंग सिस्टम के तहत खेला गया सबसे लंबा महिला वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच है, जो 11 पॉइंट का है और अब तक के सबसे लंबे महिला प्रोफेशनल स्क्वैश मैचों में से एक है।