16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। डिवीजन ए के फाइनल मुकाबलों के लिए मंच तैयार है। पुरुषों के फाइनल में मध्य प्रदेश का मुकाबला उत्तर प्रदेश से होगा। महिलाओं के खिताबी मैच में मध्य प्रदेश की लड़कियां झारखंड से भिड़ेंगी। फाइनल मुकाबले 12 अप्रैल को राजगीर स्थित राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
महिलाओं की श्रेणी में तीसरे स्थान के लिए होने वाले मुकाबले में हॉकी ओडिशा का सामना उत्तर प्रदेश हॉकी से होगा। पुरुषों के तीसरे स्थान के मुकाबले में, दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव हॉकी का मुकाबला हॉकी पंजाब से होगा।
पुरुषों के फाइनल में, दोनों टीमें सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज करने के बाद बगैर कोई मैच गंवाए इस मुकाबले में उतर रही हैं। हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव को 4-2 से हराया, जबकि उत्तर प्रदेश ने पिछले साल की चैंपियन पंजाब को 6-2 के अंतर से मात दी।