16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के डिवीजन 'ए' में रविवार को उत्तर प्रदेश हॉकी ने खिताब अपने नाम किया। यह टीम फाइनल मुकाबले में हॉकी मध्य प्रदेश को 5-2 से शिकस्त देकर चैंपियन बनी। इस बीच, हॉकी पंजाब ने तीसरे/चौथे स्थान के मैच में दादरा नगर हवेली तथा दमन दीव हॉकी को हराकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश हॉकी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए हॉकी मध्य प्रदेश को 5-2 से हराया। मैच की शुरुआत में ही उत्तर प्रदेश के कप्तान केतन कुशवाहा (4’) ने टीम को बढ़त दिलाई, उन्होंने एक फील्ड गोल करके स्कोरिंग की शुरुआत की।
हॉकी मध्य प्रदेश ने तुरंत जवाब दिया और गाजी खान (8’) ने बराबरी का गोल करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। हालांकि, उत्तर प्रदेश ने जल्द ही मैच पर फिर से नियंत्रण पा लिया। नीतीश यादव (13’) ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसके बाद अली शाहरुख (28’) ने एक फील्ड गोल करके बढ़त को और बढ़ा दिया। इसके बाद राजभर प्रह्लाद (35’) और चौहान राघवेंद्र सिंह (40’) ने भी गोल करके उत्तर प्रदेश की जीत लगभग सुनिश्चित कर दी।