16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 के छठे दिन, डिवीजन 'ए' में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड की टीमों ने जीत हासिल की, जबकि डिवीजन 'बी' में दिल्ली, तेलंगाना, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
सोमवार को बिहार के राजगीर में आयोजित डिवीजन 'ए' के पूल बी के एक मैच में हॉकी झारखंड ने हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 8-1 से हराया। विजेता टीम के लिए, जयसन कंडुलना (11’, 49’) ने दो गोल किए, जबकि संजीत भेंगरा (15’), सुखु गुरिया (45’), करण कुमार (8’), सुनील भेंगरा (35’), अर्पण पन्ना (41’) और तानी आशीष पूर्ति (2’) ने एक-एक गोल का योगदान दिया। तमिलनाडु की ओर से एकमात्र गोल संजय (53’) ने किया।
डिवीजन 'ए' के पूल सी के एक मुकाबले में, उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी हरियाणा को 4-0 से शिकस्त दी। यह जीत नीतीश यादव (10’), प्रह्लाद राजबहार (37’), शाहरुख अली (50’) और कप्तान केतन कुशवाहा (56’) के गोलों की बदौलत मिली।