बिहार के राजगीर स्थित राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश ने अपने-अपने डिवीजन 'ए'मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए फाइनल का टिकट कटाया।
पहले सेमीफाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश ने दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव हॉकी के खिलाफ 4-2 से जीत दर्ज की। मध्य प्रदेश की ओर से दीपक सिंह (29वें मिनट), करण गौतम (43वें मिनट), गाजी खान (47वें मिनट) और सिद्धार्थ बेन (51वें मिनट) ने गोल किए, जबकि दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव हॉकी के लिए कप्तान धीरज पाल (36वें मिनट) और अपूर्व चौहान (54वें मिनट) ने गोल दागे।
दूसरे सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी पंजाब के खिलाफ 6-2 से शानदार जीत दर्ज की। शाहरुख अली (11वें, 32वें मिनट) और नीतीश यादव (26वें, 29वें मिनट) ने दो-दो गोल किए, जबकि उत्तर प्रदेश हॉकी के लिए कप्तान केतन कुशवाहा (42वें मिनट) और राहुल यादव (42वें मिनट) ने भी गोल दागे। हॉकी पंजाब की ओर से अली रज्जाक (39वें मिनट) और राजवीर सिंह (43वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। फाइनल में हॉकी मध्य प्रदेश का मुकाबला उत्तर प्रदेश हॉकी से होगा, जबकि रविवार को तीसरे/चौथे स्थान के मैच में दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव का सामना पंजाब से होगा।