सुधा सिंह भारत की एक बेहतरीन स्टीपलचेज एथलीट रही हैं। वह 3,000 मीटर स्टीपलचेज (बाधा दौड़) इवेंट में हिस्सा लेती थी। सुधा ने ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया है। अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर उन्होंने एशियन गेम्स और एशियन चैंपियनशिप में देश के लिए पदक जीते हैं।
सुधा सिंह का जन्म 25 जून 1986 को रायबरेली, उत्तर प्रदेश में हुआ था। सुधा ने 2005 से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करना शुरू किया था।
सुधा सिंह को सबसे बड़ी सफलता वर्ष 2010 में चीन के ग्वांगझू में आयोजित एशियाई खेलों में मिली, जहां उन्होंने 9:55.67 मिनट का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। यह एशियाई खेलों में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा का पहला आयोजन था और सुधा इस इवेंट की पहली एशियाई चैंपियन बनीं। इसके बाद उन्होंने 2017 की एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की।