इंग्लैंड के पूर्व स्टार फुटबॉलर रॉबी फाउलर का मानना है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना को हराने के लिए स्विट्जरलैंड को सिर्फ लियोनेल मेसी को रोकने पर ध्यान नहीं देना चाहिए। फाउलर के अनुसार, अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत बतौर टीम शानदार तालमेल, तेज पासिंग और बेहतरीन मूवमेंट है, जिसके दम पर वह किसी भी मजबूत डिफेंस को भेद सकते हैं।
'जी5' के फीफा वर्ल्ड कप 2026 एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा फाउलर ने कहा कि मेसी और जूलियन अल्वारेज लगातार अपनी पोजीशन बदलते रहते हैं। इससे विरोधी टीम के डिफेंडरों पर पूरे मैच के दौरान दबाव बना रहता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई टीम केवल मेसी या अल्वारेज को रोकने की कोशिश करेगी तो अर्जेंटीना के दूसरे खिलाड़ी, जैसे एंजो फर्नांडीज, मौके का फायदा उठाकर मैच का रुख बदल सकते हैं।
फाउलर ने कहा, "अर्जेंटीना के खिलाफ खेलते समय किसी एक खिलाड़ी पर ध्यान देना काफी नहीं है। पूरी टीम मिलकर खेलती है और हर खिलाड़ी जरूरत पड़ने पर हमला कर सकता है। इसी वजह से विरोधी टीम को मजबूत सामूहिक रक्षात्मक रणनीति बनानी होगी।" उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना की सबसे बड़ी खासियत उनकी तेज वन-टच पासिंग और बिना गेंद के खिलाड़ियों की लगातार मूवमेंट है। इसी वजह से टीम आसानी से विरोधी डिफेंस में जगह बना लेती है। फाउलर के मुताबिक, "अर्जेंटीना हमेशा तेज काउंटर अटैक नहीं करता, लेकिन उसकी पासिंग, खिलाड़ियों की समझ और सही समय पर की गई मूवमेंट उसे दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में शामिल करती है।"