एशियन गेम्स 2026 में भारत के चौथे स्थान पर रहने के बाद केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफएस) से भारत के खेल प्रदर्शन के लिए और अधिक जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। कई राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रमुखों के साथ बातचीत करते हुए खेल मंत्री ने भारत की खेल उत्कृष्टता को बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डॉ. मांडविया ने इस बात पर जोर दिया कि भारत को केवल कुछ पदक विजेताओं पर निर्भर रहने के बजाय चैंपियनों की एक निरंतर श्रृंखला (पाइपलाइन) तैयार करने की आवश्यकता है। खेल मंत्री ने कहा, "मीराबाई चानू कब तक अकेले हमारे लिए पदक जीतती रहेंगी? हमें 10 और मीराबाई चानू तैयार करने की जरूरत है। हर महासंघ को इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लेना चाहिए। हमें प्रतिभाओं की पहचान करनी होगी, उन्हें सही प्रशिक्षण देना होगा और ऐसा माहौल बनाना होगा जिसमें एथलीट सर्वोच्च स्तर तक पहुंच सकें।"
उन्होंने ऐसे एथलीटों की पहचान करने और उन्हें विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जो आने वाले समय में भी भारत के लिए पदक जीतने के लक्ष्य को बनाए रख सकें। गुरुवार को आयोजित राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफएस) की बैठक में एशियन गेम्स में भारत के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। साथ ही, लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और दोहा में होने वाले एशियन गेम्स 2030 की तैयारियों का आकलन भी किया गया। इस बैठक में शूटिंग, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, स्क्वैश, वुशू सहित कई प्रमुख राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।