Sports Minister Adhav Arjun: तमिलनाडु के खेल मंत्री आधव अर्जुन ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए शतरंज खिलाड़ी वैशाली को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।
लोक निर्माण एवं खेल मंत्री आधव अर्जुन ने बुधवार को नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु की शतरंज खिलाड़ी वैशाली को अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए वित्तीय सहायता के तौर पर 10 लाख रुपए का चेक सौंपा। इस अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और वैश्विक स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने में मदद करने के लिए विभिन्न पहल की जा रही है। विशेष रूप से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जा रही है और उनकी खेल संबंधी जरूरतों के लिए आवश्यकता आधारित सहायता प्रदान की जा रही है।
चैंपियंस डेवलपमेंट स्कीम (सीडीएस) के तहत 20 साल से कम उम्र के राष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन किया जाता है और उन्हें प्रति वर्ष 4 लाख रुपए तक की आवश्यकता-आधारित सहायता प्रदान की जाती है। इस सहायता में स्पोर्टस ड्रेस, खेल उपकरण, विदेशों में प्रशिक्षण और विदेशों में होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने जैसे खर्च शामिल हैं।