Khedan Wattan Punjab Diyan: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे संस्करण की घोषणा की। खेलों का आयोजन 5 सितंबर से 29 नवंबर तक किया जाएगा और इसमें सभी आयु वर्गों के 10 लाख से अधिक प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
खेल संस्कृति को पुनर्जीवित करने और युवाओं की ऊर्जा को खेलों की ओर लगाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले इस खेल महोत्सव का उद्घाटन समारोह बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में होगा, जबकि समापन समारोह पटियाला में आयोजित किया जाएगा। इस बार का आयोजन अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री मान ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि इस वर्ष 10 लाख खिलाड़ियों को जोड़ने का लक्ष्य उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ पंजाब के हर गांव, कस्बे और शहर से छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने का बेहतरीन मंच है।