तेलंगाना इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। रविवार को मेंस सिंगल्स में तुषार सुवीर और विमेंस सिंगल्स में रक्षिता श्री संतोष रामराज ने फाइनल मुकाबले में जीत हासिल की। वहीं, मेंस डबल्स में कृष्णा प्रसाद गरागा/पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय की जोड़ी ने खिताब जीता। इस तरह भारत ने टूर्नामेंट में कुल तीन टाइटल अपने नाम किए।
पुलेला गोपीचंद बैडमिंटन एकेडमी में आयोजित मेंस सिंगल्स के फाइनल में, छठी वरीयता प्राप्त तुषार ने हमवतन भरत राघव को शिकस्त दी। पहला गेम 15-21 से हारने के बाद, उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम 21-18, 21-19 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह मैच 58 मिनट तक चला।
तुषार के सफर की शुरुआत प्री-क्वार्टर फाइनल में अंश नेगी पर सीधी जीत के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त किरण जॉर्ज को 21-12, 21-17 से हराया। फिर सेमीफाइनल में हमार लालथजुआला को 21-14, 21-19 से मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।