Commonwealth Games: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। देश की झोली में कुल 16 मेडल आए, जिसमें 7 गोल्ड मेडल शामिल रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेडल जीतने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है।
भारतीय मुक्केबाजों का खासतौर पर 10वें दिन जलवा देखने को मिला। मुक्केबाजी में भारत ने कुल 10 मेडल अपने नाम किए। पीएम मोदी ने 60 किलोग्राम में गोल्ड मेडल जीतने पर मुक्केबाज सचिन सिवाच को बधाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सचिन सिवाच ने ग्लासगो में गोल्ड मेडल जीता। पुरुषों के 60 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में मिली इस कामयाबी के लिए उन्हें बधाई। वह कई युवा बॉक्सर्स को प्रेरित करेंगे। उनके आगे के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। वे हमेशा भारत का मान बढ़ाते रहें।"
प्रधानमंत्री ने महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन को बधाई देते हुए लिखा, "महिलाओं के 75 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर लवलीना बोरगोहेन पर गर्व है। उन्होंने अपने सभी मुकाबलों में शानदार कौशल का प्रदर्शन किया। उन्हें बधाई। उनका समर्पण और निरंतरता देश भर के एथलीटों को प्रेरित करते रहते हैं।"