कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन छठे दिन भी जारी रहा। 10 हजार मीटर दौड़ में भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वह इस प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने। गुलवीर की इस खास उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें बधाई दी है।
राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "गुलवीर सिंह, आपकी शानदार उपलब्धि के लिए बहुत-बहुत बधाई। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर, आपने पुरुषों की 10,000 मीटर स्पर्धा में भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स का पहला मेडल जीता है। देश को आप पर गर्व है। मैं कामना करती हूं कि भविष्य में आप और भी कई उपलब्धियां हासिल करें।"
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुलवीर सिंह को बधाई देते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा, ''राष्ट्रमंडल खेल-2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले उत्तर प्रदेश के सपूत एवं नायब सूबेदार गुलवीर सिंह को हार्दिक बधाई। आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि अथक परिश्रम, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश एवं देश को आप पर गर्व है।