'कॉमनवेल्थ गेम्स' राष्ट्रमंडल देशों का प्रमुख बहु-खेल आयोजन है, जिसमें प्रत्येक चार वर्ष में एथलीट विभिन्न खेलों में प्रतिस्पर्धा करते हैं। इसकी प्रेरणा साल 1911 में लंदन में आयोजित इंटर-एम्पायर चैंपियनशिप से ली गई थी, जो किंग जॉर्ज पंचम के राज्याभिषेक का जश्न मनाने के लिए उत्सव का एक हिस्सा था। हालांकि, यह 'कॉमनवेल्थ गेम्स' का आधिकारिक संस्करण नहीं था।
कनाडा के स्पोर्ट्स राइटर मेल्विल मार्क्स रॉबिन्सन साल 1928 एम्स्टडर्म ओलंपिक में शामिल होकर लौटे थे, जिसके बाद उन्हें इस तरह के खेल आयोजन का विचार आया। आखिरकार, साल 1930 में 16-23 अगस्त के बीच कनाडा के हैमिल्टन में 'ब्रिटिश एम्पायर गेम्स' का आयोजन हुआ, जिसमें 11 देशों के करीब 400 एथलीट्स ने हिस्सा लिया। 'ब्रिटिश एम्पायर गेम्स' में उन देशों को शामिल किया गया, जो उस समय तक ब्रिटेन के उपनिवेश का हिस्सा थे, या पहले कभी उपनिवेश रहे थे।
उस समय भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में भारतीय ओलंपिक संगठन का खेलों के अंतरराष्ट्रीय मंच पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व और प्रशासनिक ढांचा तैयार नहीं था। ऐसे में भारत 'ब्रिटिश एम्पायर गेम्स' के पहले संस्करण में हिस्सा नहीं ले सका।