फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले ही मुकाबले में काइलियन एमबाप्पे का जलवा देखने को मिला। एमबाप्पे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेनेगल के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दो गोल दागे, जिसके बूते फ्रांस ने 3-1 से मैच को अपने नाम किया। दो गोल करने के साथ ही एमबाप्पे फ्रांस की ओर से ज्यादा इंटरनेशनल गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
काइलियन एमबाप्पे फ्रांस की ओर से खेलते हुए अब कुल 58 गोल कर चुके हैं। उन्होंने इस मामले में ओलिवियर गिरौद को पीछे छोड़ा, जिन्होंने टीम के लिए 57 गोल किए। हालांकि, मैच के बाद 27 वर्षीय एमबाप्पे ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि अपने देश को वर्ल्ड कप जिताना है। उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि मेरा नाम फ्रांस के फुटबॉल इतिहास में याद रखा जाए। मेरी कोशिश है कि टीम फाइनल तक पहुंचे और वर्ल्ड कप जीते। रिकॉर्ड और उपलब्धियां मेरे करियर का हिस्सा हैं, लेकिन टीम की सफलता सबसे महत्वपूर्ण है।"
मैच की शुरुआत में सेनेगल ने फ्रांस को कड़ी टक्कर दी। पहले हाफ में सेनेगल के खिलाड़ी निकोलस जैक्सन और इस्माइला सार ने गोल करने के अच्छे मौके बनाए। एक समय ऐसा लगा कि सेनेगल बढ़त हासिल करने में सफल हो जाएगा, लेकिन फ्रांस के मजबूत डिफेंस ने सेनेगल के प्रयासों को एक के बाद एक करके विफल कर दिया।