चार साल में एक बार आयोजित होने वाले 'एशियन गेम्स' की शुरुआत साल 1951 में हुई थी, जिसका पहला संस्करण भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित हुआ था। भारत ने अब तक दो बार (साल 1951 और 1982) में इन खेलों की मेजबानी की है।
एशियन गेम्स में सर्वाधिक मेडल चीन के नाम है, जिसने 1,674 गोल्ड, 1,105 सिल्वर और 791 सिल्वर के साथ कुल 3,570 पदक हासिल किए हैं। सिर्फ तीन देश अब तक 1,000 मेडल के आंकड़े को छू सके हैं, जिसमें चीन के बाद जापान (3,200 से ज्यादा मेडल) और साउथ कोरिया (कुल 2,400 से ज्यादा मेडल) शामिल हैं।
भारत ने साल 1951 में आयोजित एशियन गेम्स में दूसरा पायदान हासिल करते हुए कुल 51 मेडल जीते थे। इनमें 15 गोल्ड, 16 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज थे। साल 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में भारत ने पहली बार कुल मेडल के मामले में शतक लगाया। पिछली बार भारत की झोली में 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज के साथ कुल 107 मेडल आए थे।