भारत के पूर्व फुटबॉलर रॉबिन सिंह का मानना है कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्पेन और बेल्जियम के बीच होने वाले मुकाबले का नतीजा काफी हद तक मिडफील्ड की लड़ाई पर निर्भर करेगा। रॉबिन के अनुसार, जो टीम मिडफील्ड पर बेहतर नियंत्रण बनाए रखेगी, उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना सबसे ज्यादा होगी।
'जी5' फीफा वर्ल्ड कप 2026 कवरेज एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा रॉबिन ने कहा कि यह मुकाबला स्पेन की गेंद पर पकड़ बनाए रखने वाली शैली और बेल्जियम के तेज काउंटर-अटैक के बीच होगा। इसी वजह से दोनों टीमों की रणनीति और मिडफील्ड खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद अहम रहेगा।
स्पेन के पास रोड्री और पेड्री जैसे बेहतरीन मिडफील्डर हैं, जबकि युवा स्टार लैमिन यामल टीम के आक्रमण को मजबूती देते हैं। दूसरी ओर, बेल्जियम के लिए केविन डी ब्रुइन, जेरेमी डोकू और लिएंड्रो ट्रॉसार्ड जैसे खिलाड़ी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। रॉबिन का मानना है कि दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक मैचों में से एक हो सकता है।