भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने रविवार को अहमदाबाद में ब्रॉन्ज मेडल प्ले-ऑफ मैच में मौजूदा चैंपियन बहरीन को 3-1 (25-23, 23-25, 25-21, 25-17) से शिकस्त दी। इसी के साथ मेजबान देश ने एवीसी मेंस कप में अपना पहला मेडल जीता। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम को सराहा है।
इस उपलब्धि पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय वॉलीबॉल के लिए ऐतिहासिक दिन। एवीसी मेंस कप 2026 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर हमारी पुरुष वॉलीबॉल टीम को बहुत-बहुत बधाई। पूरे देश को आप पर गर्व है।"
वहीं, गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने 'एक्स' पर लिखा, "टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल। पहली बार, हमारी पुरुष वॉलीबॉल टीम ने एवीसी मेंस वॉलीबॉल कप में मेडल जीता है और यह जीत अहमदाबाद में ही हासिल की है। अहमदाबाद ने न सिर्फ इस टूर्नामेंट की मेजबानी की, बल्कि इसे प्रेरित भी किया। जय हिंद।"