BWF World Championships: भारतीय स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने मंगलवार को जीत के साथ अपने 'बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026' अभियान की शुरुआत की। लक्ष्य ने 'राउंड ऑफ 64' में ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स फिलिमोन के खिलाफ 16-21, 21-8, 21-4 से जीत हासिल की।
लक्ष्य सेन का मानना है कि उनका शुरुआती गेम प्लान ऑस्ट्रियाई खिलाड़ी की ताकत के हिसाब से था। लंबी कद-काठी वाले फिलिमोन फ्लैट एक्सचेंज में सहज थे और शुरुआती गेम में रैलियों पर उनका दबदबा था।
मैच जीतने के बाद लक्ष्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं पहले सेट में बहुत छोटे ड्राइव खेल रहा था और फिर, जब मैं ड्राइव के लिए जा रहा था, तो वह लंबा था, और वह उन शॉट्स को बहुत आसानी से खेल रहे थे। मैं उन शॉट्स को खेलने में फंस रहा था। इसलिए दूसरे सेट में, मैंने खेल को थोड़ा और खोलने की कोशिश की। मैंने कुछ लिफ्ट और रैलियां कीं, और फिर मैं अपने शॉट्स खुलकर खेल पाया। नहीं तो, पहले सेट में बहुत सारी गलतियां हुईं, और गेम प्लान थोड़ा अलग था। मैंने दूसरे और तीसरे सेट में कुछ चीजें बदलीं, इसलिए नतीजे अलग रहे।"