एशियन पैरा गेम्स 2026 में गुरुवार को सुवर्णा राज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में देश को गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं, स्वाति ने आर्चरी में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। बैडमिंटन में भी भारत के हाथ कामयाबी लगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर व्हीलचेयर बैडमिंटन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अल्फिया जेम्स और पल्लवी के.एम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिला डबल्स व्हीलचेयर बैडमिंटन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर अल्फिया जेम्स और पल्लवी के.एम. को मेरी हार्दिक बधाई। इन खेलों में व्हीलचेयर बैडमिंटन में भारत के लिए पहला मेडल जीतकर, आपने देश में पैरा खेलों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं आपके निरंतर सफल होने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे भी शानदार प्रदर्शन करने की कामना करती हूं।"
राष्ट्रपति ने बैडमिंटन में अभिजीत सखूजा को भी मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, "एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की बैडमिंटन सिंगल्स स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर मैं अभिजीत सखूजा को हार्दिक बधाई देती हूं। अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण (डेब्यू) पर ही मेडल जीतना एक शानदार उपलब्धि है। उम्मीद है कि यह बेहतरीन शुरुआत भविष्य में और भी कई जीत हासिल करने का मार्ग प्रशस्त करेगी।"