FIFA World Cup: मेक्सिको ने बुधवार (भारतीय समय के अनुसार) को इक्वाडोर के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज करते हुए राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली है। मैनेजर जेवियर एगुइरे ने इसे टीम के लिए बहुत खास पल बताया है, क्योंकि मेक्सिको ने एक ऐसी बाधा पार की है जिसे वे टीम के साथ अपने पिछले कार्यकाल में पार नहीं कर पाए थे।
साल 1986 में जब मेक्सिको ने टूर्नामेंट की मेजबानी की थी, तब एगुइरे बतौर खिलाड़ी इस टीम का हिस्सा थे। 67 वर्षीय एगुइरे उन मेक्सिकन टीमों को मैनेज कर चुके हैं, जो 2002 और 2010 के वर्ल्ड कप के पहले नॉकआउट राउंड में ही बाहर हो गई थीं।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, एगुइरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं कभी भी वह पांचवां मैच नहीं खेल पाया। ऐसा साउथ कोरिया और जापान (साल 2002 में) और साउथ अफ्रीका (2010 में) में हुआ था। हमने ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन आगे नहीं बढ़ सके।"