भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज करते हुए एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 का खिताब अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि यह जीत दूसरों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया और खुशियां दीं। एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप जीतने पर महिला टीम को बधाई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया। टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि यह जीत दूसरों को भी हॉकी खेलने के लिए प्रेरित करेगी।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'एक्स' पर लिखा, "एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 जीतकर हमारे देश की महिला हॉकी टीम ने राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। यह सफलता देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा है। सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।"