युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय 24 से 26 अप्रैल तक श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल मंत्रियों का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आयोजित करेगा। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे इस शिविर का नेतृत्व करेंगी।
चिंतन शिविर एक बड़ा विचार-मंथन कार्यक्रम होगा, जहां खेल और युवा विकास को बेहतर बनाने पर चर्चा की जाएगी। इसका मकसद केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाना, नीतियों में एकरूपता लाना और संस्थाओं के कामकाज को मजबूत करना है। इस शिविर में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे, जिनमें युवा कार्यक्रम सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, अपर सचिव नितेश कुमार मिश्रा और खेल सचिव हरि रंजन राव शामिल हैं। इसके अलावा खेलो इंडिया, फिट इंडिया, माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे बड़े कार्यक्रमों के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।
इस उच्च स्तरीय विमर्श में देश के खेल तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा। इसमें खेलो इंडिया मिशन के तहत पदक रणनीति और खिलाड़ी विकास के उपायों पर केंद्रित चर्चा, प्रस्तावित खेलो भारत नीति द्वारा केंद्र-राज्य तालमेल बढ़ाने और प्रतिभा पहचान एवं जमीनी स्तर पर खेल विकास प्रणालियों पर बातचीत प्रस्तावित है। खेल प्रशासन, स्वच्छ एवं सुरक्षित खेल को बढ़ावा देने और सुदृढ़ खेल सामग्री निर्माण तंत्र विकसित करने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। शिविर में निरंतरता, उत्तरदायित्व और प्रत्यक्ष परिणाम सुनिश्चित करने के लिए पिछले सत्रों की कार्रवाई रिपोर्ट की भी समीक्षा की जाएगी।