बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार को प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जापान की जोड़ी रिन इवानागा और की नाकानिशी को 21-16, 21-12 से हराया।
भारतीय जोड़ी ने अपनी जीत का श्रेय घरेलू दर्शकों से मिल रहे समर्थन को दिया। जीत के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गायत्री ने कहा, "मुझे लगता है कि कोर्ट पर उतरते ही थोड़ा दबाव तो होता ही है, लेकिन यह ऐसा दबाव है जिसका आप आनंद लेते हैं क्योंकि आप दिल्ली में खेल रहे हैं। तो हां, मुझे लगता है कि पहले सेट में हम 13-16 से पीछे थे, लेकिन फिर हमें अपने कोचों से कुछ टिप्स मिले और मुझे लगता है कि हमने उन्हें बहुत अच्छे से लागू किया, इस वजह से मैं बहुत खुश हूं। दूसरे गेम में भी कुछ पल ऐसे थे जो काफी मुश्किल भरे और कांटे की टक्कर वाले थे, लेकिन मुझे खुशी है कि हम शांत रहे और गेम जीत पाए।"
जब भारतीय खिलाड़ी दबाव में थीं, तब दर्शकों का समर्थन बहुत अहम साबित हुआ। गायत्री को लगा कि दर्शकों की ऊर्जा ने उन्हें मुकाबले में बने रहने और अंततः मैच पर पकड़ बनाने में मदद की। गायत्री ने आगे कहा, "एक समय हम दबाव में थे, भीड़ हमें आगे बढ़ा रही थी, इसलिए मैं उन्हें धन्यवाद देती हूं और चाहती हूं कि वे हम पर भरोसा बनाए रखें। मुझे उम्मीद है कि मैं उन्हें जश्न मनाने के और भी मौके दे पाऊंगी।"