एएफसी अंडर-17 विमेंस एशियन कप 2026 के क्वार्टरफाइनल में भारत को चीन के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। सोमवार को मिली इस शिकस्त के बाद भारत का सफर समाप्त हो गया है। इस मुकाबले के नतीजे ने 'यंग टाइग्रेस' की फीफा अंडर-17 विमेंस वर्ल्ड कप 2026 के लिए ऐतिहासिक क्वालिफिकेशन हासिल करने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
सूजौ स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में घरेलू दर्शकों के समर्थन से उत्साहित चीन ने आक्रामक शुरुआत करते हुए तुरंत ही तेज पासिंग कॉम्बिनेशन और फाइनल थर्ड में मूवमेंट के जरिए मैच पर अपना दबदबा बनाने की कोशिश की। हालांकि, भारत ने शुरुआती चरणों में मजबूती से बचाव किया। चौथे मिनट में अभिस्ता बसनेत ने एक अहम ब्लॉक करके ली याकी को नजदीकी रेंज से गोल करने से रोक दिया।
मुकाबले के 15वें मिनट चीन के पास गोल करने का शानदार मौका था। लियू युक्सी ने वांग चेनक्सी को एक सटीक पास देकर भारतीय डिफेंस को भेदा। वांग ने बाईं ओर से अंदर की ओर कट किया और फिर क्रॉसबार पर जोरदार शॉट लगाया।