भारत की अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमें 29 मई से 6 जून तक होने वाले अंडर-18 एशिया कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए जापान के काकामिगाहारा के लिए रवाना हो गई हैं। पुरुषों की टीम सोमवार शाम को नई दिल्ली से रवाना हुई जबकि महिलाओं की टीम मंगलवार सुबह रवाना हुई।
दोनों टीमों ने भोपाल में भारतीय खेल प्राधिकरण के उद्धव दास मेहता सेंटर में एक महीने तक चले नेशनल कोचिंग कैंप में हिस्सा लिया। पुरुषों की टीम ने कोच सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा के अंडर ट्रेनिंग की जबकि भारत की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने महिला टीम के कैंप को अधीक्षण किया।
अपनी आखिरी तैयारियों के हिस्से के तौर पर भारत की जूनियर टीमों ने भोपाल में मेहमान ऑस्ट्रेलियाई अंडर-18 टीमों के खिलाफ चार मुकाबलों की एक्सपोज़र सीरीज खेली। भारतीय पुरुष टीम ने एक मैच में जीत दर्ज की, तो एक में टीम को हार झेलनी पड़ी है। वहीं, दो मुकाबले ड्रॉ पर खत्म हुए। महिलाओं की टीम ने एक शानदार जीत के साथ अपनी सीरीज का अंत किया। इन मैचों से महाद्वीप टूर्नामेंट से पहले कीमती इंटरनेशनल अनुभव मिला।