भारत की अंडर-18 पुरुष टीम ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 6-3 से जीत दर्ज करते हुए सीरीज 1-1 से बराबर कर ली, जबकि भारत की अंडर-18 महिला टीम को मेहमान टीम के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। यह महिला टीम की लगातार तीसरी हार रही। पुरुष और महिला, दोनों ही टीमें बुधवार को इसी मैदान पर सीरीज का अपना चौथा मैच खेलने उतरेंगी।
सोमवार को मध्य प्रदेश के भोपाल में स्थित उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में, भारत ने मैच की शुरुआत शानदार तरीके से करते हुए पहले हाफ में ही अपना दबदबा बना लिया।
10वें मिनट में आकाश दीप ने पहला गोल किया, जिसके तुरंत बाद शाहरुख अली (14’) ने दूसरा गोल दागा। दूसरे क्वार्टर में, केतन कुशवाहा (25’) और रोमित पाल (26’) ने तेजी से गोल करके भारत को एक मजबूत बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में कुशवाहा (40’) ने मैच का अपना दूसरा गोल किया। अंश बहूतरा (45’) ने भारत के लिए छठा गोल किया।