सीरीज के अपने-अपने दूसरे मुकाबलों में भारत की अंडर-18 पुरुष और महिला हॉकी टीमों को ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के हाथों हार का सामना करना पड़ा। रविवार को यह मैच मध्य प्रदेश के भोपाल में उद्धव दास मेहता (भाई जी) सेंट्रल साई सेंटर में खेले गए।
पुरुषों के मुकाबले में, ऑस्ट्रेलिया ने 3-1 से जीत हासिल करते हुए चार मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। रविवार को दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही 16वें मिनट में अर्जुन ब्रायन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला गोल किया, लेकिन 24वें मिनट में भारत ने आशीष तानी पूर्ति की मदद से तुरंत पलटवार किया। इसी के साथ दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर आ गईं।
हालांकि, तीसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने फिर से मैच पर पकड़ बना ली। 39वें मिनट में सैम पीपल्स और 45वें मिनट में एंगस मैकमुलन ने एक-एक गोल करके मेहमान टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।