भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। आखिरी क्वार्टर तक 2-3 से पीछे चल रही भारत टीम ने मैच के आखिरी मिनटों में अटैकिंग खेल दिखाते हुए 3 गोल मारे और जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
मैच की शुरुआत में दोनों टीमें एक दूसरे को कड़ी टक्कर देती नजर आईं। भारत ने 12वें मिनट में अपनी लय पकड़ी जब अपने हाफ से एक शानदार रन ने पाकिस्तान को डिफेंस में गलती करने पर मजबूर कर दिया। इससे भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। फॉरवर्ड आशीष तानी पूर्ति (12’) ने आगे बढ़कर इसे गोल में बदलकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर तक टीम इंडिया 1-0 से आगे रही।
पाकिस्तान ने दूसरे क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाया और 16वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर जीता। भारतीय गोलकीपर आयुष रजक और डिफेंडर अंश बहुता ने मिलकर अहमद उजैर के एक दमदार ड्रैगफ्लिक को पूरी तरह से बचाया। पाकिस्तान ने दबाव बनाए रखा और 27वें मिनट में अपना पहला गोल किया। पाकिस्तान के लिए ये गोल अदील ने किया था।