अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में सोमवार को भारत के फ्रीस्टाइल पहलवान अक्षय टी. धेरे और विक्की ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, महिला पहलवानों ने भी अपना शानदार दमखम दिखाया।
वियतनाम के दा नांग में आयोजित चैंपियनशिप में अक्षय ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में कजाकिस्तान के येलेमान अमंगेलदी को 4-2 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इसके तुरंत बाद विक्की ने 97 किलोग्राम वर्ग में उज्बेकिस्तान के शेरजोद पोयोनोव को 7-5 से मात देकर पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल किया।
53 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में, मुस्कान ने वियतनाम की थी माई लिन्ह गुयेन के खिलाफ मुकाबले पर पूरा नियंत्रण रखते हुए 6-2 से आसान जीत दर्ज कर खिताब जीता। 57 किलोग्राम वर्ग में तपस्या का प्रदर्शन और भी जबरदस्त रहा, जिन्होंने कजाकिस्तान की अल्टीन शागायेवा को 4-0 से बढ़त बनाने के बाद 'बाय फॉल' हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।