भारत अंडर-23 पुरुष टीम ने शुक्रवार को इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित गेलोरा बुंग कार्नो मद्या स्टेडियम में खेले गए दो अंडर-23 अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में से पहले मैच में इंडोनेशिया को 2-1 से हरा दिया।
सुहैल अहमद भट (5वें और 26वें मिनट) के शानदार दो गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने बढ़त बना ली। डोनी ट्राई पामंगकास ने हाफ टाइम से चार मिनट पहले विपक्षी खेमे से एकमात्र गोल किया। सभी गोल पहले हाफ में हुए। दूसरे हाफ में कड़ी टक्कर के बावजूद दोनों ही टीमें गोल करने में सफल नहीं रहीं।
इससे पहले मैच की शुरुआत में ही भारतीय टीम ने आक्रामक रवैया अपनाया था। पांचवें मिनट में सुहैल भट के पहले गोल से भारत ने बढ़त बना ली थी। 22वें मिनट में मोहम्मद सुहैल ने गोल के लिए जोरदार प्रयास किया लेकिन उसमें उन्हें सफलता नहीं मिली। सुहैल ने 26वें मिनट में दूसरा गोल मारा। विबिन ने बाईं ओर से एक नीचा क्रॉस मारा जो आयुष छेत्री के पैरों पर लगा। कप्तान ने गेंद सुहैल भट को दी, जिन्होंने अपने मार्कर को चकमा देते हुए एक और जबरदस्त स्ट्राइक किया जो नेट के ऊपरी कोने में पहुंच गया।