भारतीय पहलवान अमृता पुजारी ने शनिवार को अंडर-23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में महिलाओं के 72 किलोग्राम भार वर्ग का सिल्वर मेडल अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता अमेरिका के लास वेगास में आयोजित की जा रही है।
अमृता के इस सिल्वर मेडल के साथ चैंपियनशिप में भारत के कुल पदकों की संख्या तीन हो गई है। उनसे पहले कोमल ने महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जबकि विश्वजीत मोरे ने अंडर-23 स्तर पर ग्रीको-रोमन (55 किलोग्राम) स्पर्धा में भारत के लिए पहला सिल्वर जीतकर इतिहास रचा था।
शुरुआती दौर में लगातार दो 'पिनफॉल' जीत के साथ शानदार प्रदर्शन करने वालीं अमृता को फाइनल में यूक्रेन की इरीना जब्लॉत्स्का से कड़ी चुनौती मिली। कड़े संघर्ष के बावजूद, भारतीय पहलवान को गोल्ड मेडल मैच में 0-6 से हार का सामना करते हुए दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। अमृता ने सेमीफाइनल में वेनजिन किउ को 'पिन' करके महिलाओं के 72 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह बनाई थी।