दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्रीय मंत्रियों ने गुरुवार को ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पोस्ट में लिखा, "खेल के क्षेत्र में भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले, अदम्य संकल्प, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महान धावक ‘फ्लाइंग सिख’ पद्मश्री मिल्खा सिंह की जयंती पर उन्हें सादर नमन। मिल्खा सिंह ने अपने अद्वितीय प्रदर्शन से विश्व पटल पर भारतीय ध्वज को शान से लहराया। उन्होंने संघर्ष, आत्मविश्वास और अथक परिश्रम की अमर गाथा रचकर देश के करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया। भारत के इस महान सपूत का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को विजय की राह दिखाता रहेगा।"
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, "भारतीय खेल जगत के गौरव, 'फ्लाइंग सिख', 'पद्म श्री' मिल्खा सिंह को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनके हर कदम में संघर्ष की गूंज थी, हर जीत में राष्ट्र का गौरव था। मिट्टी के ट्रैक से विश्व मंच तक पहुंचने की उनकी यात्रा ने दुनिया को यह सिखाया कि मेहनत ही सबसे बड़ा पदक है।"